Sunday 6th of October 2024

Jagannath Rath Yatra 2024: देवताओं की 'पहांडी' रस्म खत्म, भाई-बहन के साथ रथ पर चढ़े भगवान जगन्नाथ

Reported by: PTC News Haryana Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  July 07th 2024 09:14 AM  |  Updated: July 07th 2024 03:53 PM

Jagannath Rath Yatra 2024: देवताओं की 'पहांडी' रस्म खत्म, भाई-बहन के साथ रथ पर चढ़े भगवान जगन्नाथ

ब्यूरोः ब्यूरोः आज से भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की औपचारिक 'पहांडी' रस्म खत्म हो गई है, अब भगवान जगन्नाथ भाई-बहन के साथ रथ पर चढ़ गए हैं। 'जय जगन्नाथ' के नारों के बीच, पुरी मंदिर के सिंह द्वार पर घंट, शंख और झांझ की ध्वनियां हवा में गूंज उठीं, जब भगवान सुदर्शन को सबसे पहले देवी सुभद्रा के रथ दर्पदलन तक ले जाया गया।

भगवान सुदर्शन के बाद भगवान बलभद्र को उनके तालध्वज रथ पर ले जाया जा रहा था। भगवान जगन्नाथ और भगवान बलभद्र की बहन देवी सुभद्रा को सेवकों द्वारा विशेष जुलूस में उनके दर्पदलन रथ पर लाया जा रहा था। वहीं, यात्रा से पहले रविवार सुबह हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में कतार में खड़े हो गए।  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी रथ यात्रा में शामिल होंगी। इसको लेकर सरकार ने विशेष कदम उठाए हैं। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू 6 से 9 जुलाई तक ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। बता दें 53 वर्षों बाद यह यात्रा दो दिनों की होगी।

हिंदू कैलेंडर के अनुसार, यह त्योहार आषाढ़ महीने में शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा आज यानी 7 जुलाई 2024 को मनाई जाएगी। यह त्योहार भगवान विष्णु के अवतार भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहनों से जुड़ा है।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी आते हैंः पुलिस अधीक्षक

पुरी के पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा ने रथ उत्सव के बारे में बात करते हुए कहा कि आज हम भगवान श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा मना रहे हैं। हमने व्यापक पुलिस व्यवस्था की है और उन्हें कई महत्वपूर्ण खंडों में विभाजित किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा के लिए भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और पार्किंग सहित विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 

वार्षिक रथ यात्रा में भाग लेने के अलावा वह अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लेंगी। वह रथ खींचने की प्रक्रिया देखेंगी, जो श्री जगन्नाथ यात्रा के अनुष्ठानों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे भगवान को अपने हृदय में खींचने का प्रतीक माना जाता है। 

विशेष व्यवस्था

  • भारी पुलिस बल की तैनाती।
  • 24 घंटे नियंत्रण कक्ष की स्थापना।
  • हर बस में श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल किट।
  • विभिन्न स्थानों पर छह क्रेन तैनात।
  • ब्रेकडाउन सेवाएं चालू।
  • राष्ट्रपति के लिए अलग से सुरक्षा व्यवस्था।
  • ग्रांड रोड के दो छोर पर 225 बिस्तरों वाला मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल बनाया गया।
  • 28 पार्किंग स्थल चिन्हित।
  • श्रद्धालुओं के लिए 315 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
  • हर ट्रांजिट पॉइंट पर सार्वजनिक सुविधाएं।

सीएम माझी ने स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा 

इससे पहले दिन में ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने पुरी में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव और प्रवती परिदा भी थे। मांझी ने अपने दो उपमुख्यमंत्रियों के साथ अभियान के दौरान बड़ा डंडा (ग्रैंड रोड) की सफाई की। गौरतलब है कि बड़ा डंडा वह रास्ता है, जहां से रथ यात्रा गुजरेगी। 

सीएम माझी ने 'एक्स' पर लिखा कि पवित्र रथ यात्रा से पहले पुरी लाडा डांड में आयोजित स्वच्छ भारत अभियान में शामिल होकर मैं धन्य महसूस कर रहा हूं। कल भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखते हुए बड़दांड में लाखों भक्तों को सीधे दर्शन देने के लिए बड़दाना के रत्नजड़ित सिंहासन से निकलेंगे। जय जगन्नाथ।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Haryana. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network