Saturday 5th of October 2024

Lok Sabha Election 2024: केंद्र में नहीं बनने जा रही मोदी सरकार, इंडिया गठबंधन बनाएगा सरकार, हरियाणा में बोले खरगे

Reported by: PTC News Haryana Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  May 22nd 2024 07:58 AM  |  Updated: May 22nd 2024 07:58 AM

Lok Sabha Election 2024: केंद्र में नहीं बनने जा रही मोदी सरकार, इंडिया गठबंधन बनाएगा सरकार, हरियाणा में बोले खरगे

ब्यूरोः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अब इसमें कोई शक नहीं है कि केंद्र में मोदी सरकार नहीं आने जा रही, इस बार इंडिया गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है। हरियाणा में इंडिया गठबंधन लोकसभा की सभी दस सीटों पर जीत दर्ज करेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार को हरियाणा के जगाधरी में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

खरगे ने पीएं मोदी को बताया झूठों का सरदार 

जनसभा में अंबाला लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वरुण चौधरी और कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील गुप्ता को भारी मतों से जिताने का आह्वान करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठों का सरदार बताया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी की हर बात झूठी निकली है। नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी करते समय देश से 50 दिन मांगे थे, विदेशों से काला धन लाने के लिए 100 दिन मांगे थे, अच्छे दिनों के लिए दस साल मांगे थे। अमृत काल और विकसित भारत का सपना दिखाया था। मगर कुछ नहीं हुआ। 

बेरोजगारी का मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को घेरा

विशाल जनसैलाब के बीच बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, नरेंद्र मोदी युवाओं को बेरोजगार रखना चाहते हैं। हरियाणा में एक लाख 82 हजार पद खाली पड़े हैं। सरकारी नौकरियों की भर्ती निकलती है, मगर पेपर लीक हो जाता है और परीक्षा स्थगित हो जाती है। हरियाणा की तरह ही केंद्र में भी 30 लाख सरकारी पद खाली पड़े हुए हैं। मोदी सरकार इन पदों को नहीं भर रही। क्योंकि इन नौकरियों में दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को आरक्षण देना पड़ जाएगा। मोदी सरकार युवाओं के लिए फ़ौज में अग्निवीर योजना ले आई। इस योजना में चार साल के बाद युवा फिर बेरोजगार हो जाएंगे। इस योजना से तंग आकर हरियाणा, पंजाब के लोग अपने बच्चों को नौकरी के लिए विदेश भेज रहे हैं। मोदी युवाओं को पक्की नौकरी नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस की सरकार आने पर हरियाणा फिर से नंबर वन राज्य होगा। खरगे ने महंगाई को लेकर भी मोदी सरकार को निशाने पर लिया। 

किसान आंदोलन का किया जिक्र 

किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा, नरेंद्र मोदी तीन काले कृषि कानून लेकर आए। किसानों के हकों को खत्म करने की कोशिश की। इन कानूनों के विरोध में चले आंदोलन के दौरान 750 किसान शहीद हो गए, लेकिन मोदी जी ने कभी इस बारे में बात नहीं की। भाजपा के एक मंत्री के बेटे ने किसानों को अपनी गाड़ी के नीचे कुचल दिया, लेकिन मोदी ने कुछ नहीं किया। जो लोग किसानों के खिलाफ हैं, नरेंद्र मोदी ने उन सभी को संरक्षण दिया है। इसके बाद भी मोदी सबका साथ, सबका विकास कहते हैं। सच्चाई ये है कि नरेंद्र मोदी ने सबका सत्यानाश कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन की लड़ाई संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है। क्योंकि संविधान में ही बुनियादी हक और आरक्षण समेत तमाम अधिकार हैं। आरएसएस-भाजपा संविधान और लोकतंत्र खत्म करना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे।

खरगे ने कांग्रेस घोषणा पत्र के गिनाते वादे 

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस घोषणा पत्र के वादे गिनाते हुए खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी। बीमा योजना में परिवर्तन कर फसल का नुकसान होने पर 30 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। अग्निवीर योजना रद्द की जाएगी। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख पद भरे जाएंगे। युवाओं को अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम के तहत एक लाख रूपये दिए जाएंगे। जातिगत जनगणना कराई जाएगी। गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपये दिए जाएंगे। इंडिया गठबंधन की सरकार गरीबों को हर महीने पांच किलो की जगह दस किलो अनाज देगी।

ये रहे मौजूद

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य नासिर हुसैन, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Haryana. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network