Friday 20th of September 2024

हरियाणा में 7 वादों के साथ कांग्रेस का मेनिफेस्टो रिलीज, 500 में गैस सिलेंडर, जातिगत सर्वे की बात

Reported by: PTC News Haryana Desk  |  Edited by: Md Saif  |  September 18th 2024 02:53 PM  |  Updated: September 18th 2024 03:54 PM

हरियाणा में 7 वादों के साथ कांग्रेस का मेनिफेस्टो रिलीज, 500 में गैस सिलेंडर, जातिगत सर्वे की बात

ब्यूरो: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में पार्टी ने दिल्ली में इसे जारी किया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सात वादे किये हैं। इस समारोह में प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा और पूर्व विधायक गीता भुक्कल मौजूद रहीं। इस दौरान सांसद कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला इसमें शामिल नहीं हैं।

इनके साथ ही कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा प्रयवेक्षक और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी नेता अजय माकन, पंजाब से नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा मौजूद रहे। इस बार कांग्रेस पार्टी हरियाणा चुनाव के लिए 2 चरणों में घोषणा पत्र जारी करेगी, दूसरा चरण चंडीगढ़ में होना है।

मोदी की डबल इंजन सरकार देश को पीछे ले जा रही है- खड़गे

घोषणा पत्र जारी करने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा की सरकार पर आरोप लगाया कि साल 2014 से 2024 तक डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। खड़गे ने कांग्रेस के सभी वादों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। वहीं मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर सवाल करने पर खड़गे ने कहा कि पार्टी में चुनाव के बाद विधायक दल की मीटिंग में सीएम फेस तय किया जाता है।

2014 के बाद हरियाणा का हुआ बुरा हाल- हुड्डा

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने घोषणा पत्र रिलीज होने पर कहा कि जब हरियाणा 1966 में बना, तब ये सवाल उठे थे कि हरियाणा अपने पैरो पर खड़ा हो पाएगा कि नहीं, लेकिन पूर्व पीएम इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने हरियाणा को समृद्ध किया। हुड्डा ने प्रदेश और देश की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2014 तक हरियाणा हर मामले में पहले नंबर पर था, लेकिन जब से बीजेपी की सरकार आई है तब से हरियाणा का बुरा हाल हो गया है। गारंटी में जातिगत सर्वे के सवार पर हुड्डा ने कहा कि "ये जातिगत सर्वे राहुल गांधी ने भी कांग्रेस के लोकसभा चुनाव मेनिफेस्टो में शामिल किया था। ऐसे ही हम हरियाणा में भी जातिगत सर्वे कराएंगे।"

फिर से नंबर वन बनेगा हरियाणा- चौधरी उदयभान

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने सात गारंटियों को शामिल किया है। जब भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब हरियाणा नंबर वन था। एक बार फिर कांग्रेस हरियाणा को नंबर वन बनाएगी। हमारी सरकार आने के बाद हम सिलेंडर 500 रुपये में देंगे और हरियाणा की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हर महीने 2 हजार रुपये दिए जाएंगे।

7 बड़ी गारंटी

हरियाणा कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र सात वादे, पक्के इरादे को केंद्र में रखकर बनाया गया है। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टों में 7 बड़ी गारंटी दी है। 

 1. परिवारों के लिए समृद्धि (हर परिवार को खुशहाली) 

-300 यूनिट तक मुफ्त बिजली 

 -₹25 लाख तक मुफ्त चिकित्सा उपचार 

  

2.महिला सशक्तिकरण

-महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपए दिए जाएंगे

-500 रुपए में सिलेंडर प्रदान किया जाएगा

3. युवाओं का सुरक्षित भविष्य

-2 लाख रिक्त पदों पर भर्ती

 - नशा मुक्त हरियाणा पहल 

4. सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना

-₹6000 वृद्धावस्था पेंशन

 - ₹6000 विकलांगता पेंशन 

-₹6000 विधवा पेंशन

 - पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली 

5. पिछड़े वर्गों के लिए अधिकार

-जाति जनगणना कराना 

-क्रीमी लेयर की सीमा ₹10 लाख तक बढ़ाना

 6. किसानों के लिए समृद्धि 

-न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी

-- तत्काल फसल मुआवजा

7. गरीबों के लिए आवास 

-100 गज का प्लॉट

-3.5 लाख रुपये की लागत वाला 2 कमरों का घर

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Haryana. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network